
PG अम्बेडकर विचार विभाग की जर्जर स्थिति पर छात्रों का फूटा ग़ुस्सा – TMBU परिसर में कुलसचिव का पुतला दहन
भागलपुर, 11 दिसंबर 2025
टी.एम.भू. विश्वविद्यालय (TMBU) परिसर में बुधवार को छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने PG अम्बेडकर विचार विभाग की अत्यंत जर्जर स्थिति तथा विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने मुख्य गेट पर कुलसचिव का पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट किया।
छात्र जिला अध्यक्ष सत्यम मिश्रा ने बताया कि लगभग 15–20 दिन पूर्व उन्होंने विभाग की दुर्दशा को लेकर कुलपति को लिखित आवेदन दिया था, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आगे कहा कि जब वे इस मामले में कुलसचिव से मिलना चाहते थे, तो पहले उन्हें मिलने नहीं दिया गया और बाद में हुई बातचीत में कुलसचिव ने स्पष्ट कह दिया कि “हम इस मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं।” इस बयान ने छात्रों में और अधिक आक्रोश उत्पन्न कर दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वविद्यालय कार्यकारी अध्यक्ष गिरीश झा और छात्र जिला अध्यक्ष सत्यम मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यकारी अध्यक्ष गिरीश झा ने कहा:
“छात्रों की सुरक्षा को खतरे में डालना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। प्रशासन की चुप्पी और गैर–जिम्मेदाराना रवैया बेहद शर्मनाक है। यदि विभाग की तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।”
वहीं छात्र जिलाध्यक्ष सत्यम मिश्रा ने कहा कि पूरे देश में यह एकमात्र अम्बेडकर विचार विभाग है, लेकिन इसकी उपेक्षा विश्वविद्यालय प्रशासन की अराजकता और भ्रष्टाचार को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि
“अगर विश्वविद्यालय प्रशासन के पास मरम्मत कराने का बजट नहीं है, तो हम छात्र स्वयं चंदा इकट्ठा कर मरम्मत करा देंगे। लेकिन इस स्थिति में पढ़ाई करना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं है।”
संगठन ने चार प्रमुख मांगें रखीं:
PG अम्बेडकर विचार विभाग की इमारत का तत्काल तकनीकी निरीक्षण
शीघ्र मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत
दोषी अधिकारियों की स्पष्ट जवाबदेही
छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
संगठन के ह्रषिकेश प्रकाश ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वे बड़े पैमाने पर अगला चरण आंदोलन शुरू करेंगे।
विरोध प्रदर्शन में विश्वविद्यालय अध्यक्ष आर्यन सिंह राठौड़, पूर्व छात्र नेता प्रवीण ठाकुर, मारवाड़ी कॉलेज अध्यक्ष ह्रषिकेश प्रकाश, टीएनबी कॉलेज महासचिव रमन राठौड़, सबौर कॉलेज अध्यक्ष शुभम कुमार, मुरारका कॉलेज अध्यक्ष नवल कुमार, उज्ज्वल, रूपप्रताप, मोहित झा, अभिषेक, अभिनंदन कुमार समेत कई छात्र नेता उपस्थित रहे।




