देशभक्ति एवं सामाजिक समरसता ही शिक्षा
देशभक्ति एवं सामाजिक समरसता ही शिक्षा

देशभक्ति एवं सामाजिक समरसता ही शिक्षा
संवाददाता : जितेंद्र कुमार भागलपुर
भागलपुर स्थित गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल में दिनांक 18 दिसंबर 2025 (गुरुवार) को तीन दिवसीय जिला केंद्र सशक्तिकरण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष एवं भोज विश्वविद्यालय, भोपाल के अवकाश प्राप्त कुलपति रवीन्द्र कान्हरे ने की।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष रवीन्द्र कान्हरे, प्रदेश सचिव प्रदीप कुशवाहा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
प्रथम सत्र में छात्रों को संबोधित करते हुए रवीन्द्र कान्हरे ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य छात्रों का सर्वांगीण विकास है। आज के समय में छात्रों में चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों का प्रमुख लक्ष्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करना है। विषय ज्ञान के साथ-साथ छात्रों में देशभक्ति, सामाजिक समरसता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि विद्या भारती द्वारा सामान्य शिक्षा के साथ योग, शारीरिक शिक्षा, संस्कृत, संगीत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। साथ ही 21वीं सदी की आवश्यकता को देखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और स्किल डेवलपमेंट की शिक्षा भी दी जा रही है। सभी जिला केंद्रों में मॉडल स्कूल खोलने की योजना है तथा क्षेत्रीय एवं मातृभाषा के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है।
इस अवसर पर 17 जिलों के प्रधानाचार्यों एवं समिति सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, लक्ष्मी नारायण डोकानियां, विभाग प्रमुख सतीश कुमार सिंह, बांका जिला निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद, प्रोफेसर मधुसूदन झा, समिति सचिव उपेंद्र रजक, सुजीत कुमार, शशि भूषण मिश्र, शांतनु आनंद सहित विद्यालय के सभी आचार्य बंधु एवं भगिनी उपस्थित रहे।




