36वीं अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का गणपत राय सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल, भागलपुर में भव्य आयोजन
खेल से होता है सर्वांगीण विकास

खेल से होता है सर्वांगीण विकास
36वीं अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का गणपत राय सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल, भागलपुर में भव्य आयोजन
गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल, भागलपुर में दिनांक 25 सितम्बर से 28 सितम्बर 2025 तक चार दिवसीय 36वीं अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता विद्या भारती के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के आठ क्षेत्रों से प्रतिभागी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में विद्या भारती के सचिव एवं खेल पर्यवेक्षक श्री कृपा शंकर शर्मा ने कहा कि “विद्या भारती भारत का सबसे बड़ा शैक्षणिक संस्थान है, जहाँ 13,000 औपचारिक और 12,000 अनौपचारिक शिक्षण संस्थानों में लगभग 33 लाख छात्र अध्ययनरत हैं। हमारा उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना तथा खेल के प्रति रुचि विकसित करना है।”
उन्होंने बताया कि वर्ष 1988 से अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई थी, और यह 36वीं राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता उसी श्रृंखला का हिस्सा है। इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कुल 6 वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी एसजीएफआई (SGFI – School Games Federation of India) में भी भाग लेंगे, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर खेल संयोजक श्री ललित मोहन यादव, प्रदेश मंत्री श्री भरत पुरवे, जिला निरीक्षक श्री सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अमरेश कुमार, श्री शशि भूषण मिश्रा, तथा मीडिया प्रभारी श्री दीपक कुमार झा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट होता है कि खेल न केवल शारीरिक विकास, बल्कि मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास का भी सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
संवाददाता – रमन जी
स्थान – भागलपुर
तारीख – 25.09.2025




